
विद्युत शक्ति का महत्व पर निबंध |Essay on Importance of Electric Power
आधुनिक युग में विद्युत शक्ति हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग बन गई है। इसके बिना हमें अपना जीवन निरर्थक सा प्रतीत होता है। इस विद्युत में ऐसी चमत्कारिक शक्ति है, जिससे हमारा दैनिक जीवन बहुत प्रभावित हुआ है। इसकी जादुई शक्ति ने मानव जीवन को चमत्कारिक बना दिया है। आज के यांत्रिक युग में विद्युत के बिना हम अपने-आपको असहाय अनुभव करते हैं। अतः हम विद्युत शक्ति के महत्व को नकार नहीं सकते।
सन 1880 में वैज्ञानिक वोल्टा ने दो विभिन्न धातुओं की छड़ को अम्लीय जल में डालकर विद्युत की खोज की थी। इसे कालांतर में बैटरी या सेल का नाम दिया गया। फिर फैराडे और आस्टर्ड ने चुंबकीय विद्युत शक्ति की खोज की। इसके बाद डायनमो की खोज हुई, जो आधुनिक विद्युत शक्ति का प्रमुख स्रोत है। इसे मशीनों से तैयार किया जाता है। वर्तमान युग में विद्युत शक्ति का उत्पादन ऊंचे-ऊंचे बांध बनाकर तथा वहां से पानी को तीव्र गति से नीचे गिराकर किया जाता है। इससे अधिक मात्रा में विद्युत शक्ति प्राप्त होती है।
निरंतर विकासशील मनुष्य के हाथ विद्युत शक्ति रूपी एक ऐसा स्रोत आया, जिसने उसका जीवन सरल, सुगम और सुखी बना दिया। आधुनिक युग में विद्युत की उपयोगिता इतनी बढ़ गई है कि इसके बिना हमारे जीवन का कोई भी कार्य संभव नहीं है। इसके द्वारा हमारे घर, कार्यालय, कारखाने तथा सड़कें आदि सभी प्रकाशमय हो जाते हैं। उद्योग तथा कृषि भी आज विद्युत से प्रभावित हो चुके हैं। विद्युत शक्ति के द्वारा उद्योग धंधों के उत्पादन में तीव्र वृद्धि हुई है तथा कृषि के उत्पादन में दिन-दूनी, रात-चौगुनी प्रगति हो रही है। विद्युत चालित नलकूपों से खेतों की सिंचाई में बहुत सुगमता आ गई है। हमारे दैनिक जीवन में ऐसे अनेक उपकरणों का प्रयोग बढ़ गया है, जिनमें विद्युत का प्रयोग अनिवार्य है। इससे हम घरों या विशेष स्थानों को आवश्यकतानुसार ठंडा या गरम रख सकते हैं। कपड़ा धोने एवं खाना बनाने से लेकर चिकित्सा जांच की मशीनें चलाने में भी विद्युत का उपयोग किया जाता है।
यदि कुछ दिनों के लिए विद्युत का उत्पादन बिल्कुल बंद हो जाए, तो इसकी कल्पना करने से ही भय उत्पन्न हो जाता है। विद्युत के बिना हमें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। घरों में कूलर, पंखे, टी.वी., गीजर, लिफ्ट तथा अन्य विद्युत उपकरण आदि बंद पड़ जाएंगे। ऐसे में जीवन पूर्णतः ठप हो जाएगा। रेलगाड़ियां, विद्युत चालित बड़ी-बड़ी मशीनें, एक्सरे मशीन, अल्ट्रासाउंड, कैट-स्कैन आदि काम करना बंद कर देंगी।
इससे पता चलता है कि विद्युत हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण हो गया है। विद्युत आधुनिक युग की धुरी है। इसी धुरी के सहारे अन्य समस्त सुविधाएं संचालित होती हैं। विद्युत का उपयोग कृषि क्षेत्र में पैदावार वृद्धि तथा अन्य छोटी-मोटी दैनिक आवश्यकतापूर्ति के लिए भी होता है। अतः विद्युत आज के यांत्रिक युग में बहुत विस्मयकारी एवं लाभकारी खोज है। लेकिन इसके उपयोग में हमें सावधानी बरतनी चाहिए, अन्यथा यह हानि पहुंचा सकता है।